प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव ने जनपद के विकास खंड चिन्यालीसौड़ में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने जनता से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
600 से अधिक शिविर, 5 लाख लोगों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में 5 लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है, जबकि 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है।
मुख्य सचिव ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण कर रही हैं। जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव नहीं हो पाता, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप किया जा रहा है।
चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा का विस्तार
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू की जाएगी। इन दोनों हवाई पट्टियों से सेना के माध्यम से चारधाम यात्रा का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारंभ हो जाएगी और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यात्रा में समन्वयक की भूमिका निभाती है, जबकि स्थानीय हितधारक, तीर्थ पुरोहित, होटल व्यवसायी और टैक्सी संचालक यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्थानीय मांगों पर सकारात्मक आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की मांग पर सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया। साथ ही कई विकास योजनाओं की घोषणाएं भी की गईं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचे और विकास की गति तेज हो।
ये भी पढ़े : 9 मार्च से गैरसैंण में होगा बजट सत्र
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की मांग देश और दुनिया में बढ़ रही है, जो राज्य की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।



